धनबाद के 8 लेन सड़क से जुड़े सर्विस रोड स्थित कशीयाटांड मोड़ के पास मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मालवाहक टाटा 710 वाहन संख्या WB 23 F 3796 ने एक युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन तेज रफ्तार में था और मोड़ पर अचानक सामने आए युवक को तेज धक्का मारते हुए आगे बढ़ गया। सूचना मिलते ही भूली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। हादसे के बाद वाहन चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। वहीं, मालवाहक वाहन को पुलिस ने जब्त कर लिया है। मृतक की पहचान कशीयाटांड बस्ती निवासी दिलीप सिंह के 21 वर्षीय पुत्र दिनेश सिंह के रूप में की गई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने मृतक का शव सड़क पर रखकर सर्विस रोड को जाम कर दिया था। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने और आरोपी चालक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया और कार्रवाई का आश्वासन दिया। हादसे से पूरे इलाके में शोक की लहर है। वहीं मृतक के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
धनबाद सर्विस रोड पर हादसा, युवक की मौत:टाटा 710 की टक्कर से गई जान, चालक फरार; आक्रोशितों ने शव सड़क पर रख किया जाम
By InstaKhabar
On: April 7, 2026 4:15 PM






