जमशेदपुर के बागबेड़ा में गुरुवार सुबह हुए सड़क हादसे के बाद शाम को इलाज को लेकर हंगामा हुआ। हादसे में गंभीर रूप से घायल शिक्षक प्रेम महतो के परिजनों और स्थानीय लोगों ने बागबेड़ा स्थित डीबी रोड को करीब दो घंटे तक जाम कर दिया। वे घायल के इलाज की व्यवस्था और दुर्घटना करने वाली कार के मालिक की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर टायर जलाकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की।स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गई जब मौके पर पहुंचे डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर सुमित कुमार पर एक युवक को थप्पड़ मारने का आरोप लगा। डीएसपी पर थप्पड़ मारने का आरोप प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घायल के इलाज में मदद की गुहार लगाने के लिए एक युवक डीएसपी के पैर पकड़ने लगा। आरोप है कि इससे नाराज होकर डीएसपी ने उसे थप्पड़ मार दिया। इस घटना के बाद वहां मौजूद लोग आक्रोशित हो गए और उन्होंने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। घायल शिक्षक प्रेम महतो के परिजनों का आरोप है कि उन्हें इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया है। अस्पताल में इलाज के लिए करीब 8 लाख रुपए की व्यवस्था करने को कहा गया है। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण परिजन मदद की गुहार लेकर बागबेड़ा थाना पहुंचे थे। परिजनों ने पुलिस से दुर्घटना करने वाली कार के मालिक का पता लगाने और इलाज में सहायता की मांग की। उल्लेखनीय है कि गुरुवार सुबह बागबेड़ा में एक तेज रफ्तार बेकाबू कार ने चार लोगों को अपनी चपेट में ले लिया था। इस हादसे में शिक्षक प्रेम महतो गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि तीन अन्य लोग भी चोटिल हुए हैं। घटना की सूचना मिलने पर भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पूरे मामले की जांच की जा रही है। जो भी दोषी होंगे, उन पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एक लड़के ने पैर पकड़ लिया था जिसे हटाया गया था। -सुमित कुमार, डीएसपी, लॉ इन ऑर्डर
जमशेदपुर के बागबेड़ा हादसे के बाद हंगामा:कार चालक की गिरफ्तारी की मांग, घायल के इलाज को लेकर परिजनों ने किया सड़क जाम
By InstaKhabar
On: July 23, 2026 10:19 PM






