फिल्म ‘धुरंधर’ और ‘धुरंधर 2’ के बाद अब अक्षय खन्ना साउथ सिनेमा में दिखाई देंगे। वे निर्देशक प्रशांत वर्मा की फिल्म ‘महाकाली’ में नजर आएंगे। हाल ही में फिल्म के सेट से अक्षय खन्ना की एक बिहाइंड-द-सीन (BTS) फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हुई हैं। इसे खुद निर्देशक प्रशांत वर्मा ने शेयर किया है। फोटो के साथ उन्होंने अक्षय खन्ना के लिए एक खास मैसेज भी लिखा है। ‘असुर गुरु शुक्राचार्य’ के रोल में दिखेंगे अक्षय फिल्म ‘महाकाली’ के जरिए अक्षय खन्ना तेलुगू सिनेमा में अपना डेब्यू कर रहे हैं। यह फिल्म प्रशांत वर्मा के ‘सिनेमैटिक यूनिवर्स’ (PVCU) का एक अहम हिस्सा होगी। इससे पहले फिल्म का फर्स्ट-लुक पोस्टर जारी किया गया था, जिसमें अक्षय खन्ना ‘असुर गुरु शुक्राचार्य’ के रहस्यमयी किरदार में नजर आए थे। निर्देशक प्रशांत वर्मा ने लिखा इमोशनल नोट प्रशांत वर्मा ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर अक्षय खन्ना के साथ फोटो शेयर करते हुए एक्टर की जमकर तारीफ की। उन्होंने लिखा, “एक सच्चे अभिनेता यह साबित करते हैं कि असली टैलेंट को दिखावे की जरूरत नहीं होती। अक्षय की पर्दे पर मौजूदगी, दमदार अभिनय और उनका क्लास हमेशा अलग दिखता है। आपके साथ काम करना मेरे लिए सम्मान की बात है।” प्रशांत ने आगे बताया कि वे दुनिया को यह दिखाने के लिए बेताब हैं कि उन्होंने साथ मिलकर क्या बनाया है। उन्होंने पोस्ट में ‘महाकाली’ और ‘जय हनुमान’ जैसे हैशटैग्स का भी इस्तेमाल किया। 30 साल बाद सनी देओल के साथ दिखेंगे साउथ के साथ-साथ अक्षय खन्ना बॉलीवुड में भी एक बड़े प्रोजेक्ट ‘इक्का’ का हिस्सा हैं। इस क्राइम ड्रामा फिल्म में वे सनी देओल के साथ स्क्रीन शेयर करेंगे। फिल्म के टीजर में सनी देओल एक वकील के किरदार में दिख रहे हैं, जबकि अक्षय खन्ना की एंट्री पुलिस वालों के साथ होती है। बता दें कि अक्षय खन्ना और सनी देओल आखिरी बार साल 1997 की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘बॉर्डर’ में साथ नजर आए थे। करीब 30 साल बाद इन दोनों एक्टर्स अब साथ दिखेंगे।
अक्षय खन्ना का साउथ फिल्म इंडस्ट्री में डेब्यू:धुरंधर 2 के बाद ‘महाकाली’ फिल्म में दिखेंगे; शुक्राचार्य के रोल में फोटो वायरल
By InstaKhabar
On: March 29, 2026 4:08 PM






