दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग के अधिकारियों ने सोने की तस्करी के आरोप में दो यात्रियों को पकड़ा है। दोनों के पास से 332 ग्राम वजन की सोने की दो चेन बरामद की गई हैं। इनकी अनुमानित कीमत 47.38 लाख रुपए है। दोनों यात्री शारजाह से दिल्ली पहुंचे थे। अधिकारियों के मुताबिक, 26 अक्टूबर को टर्मिनल-3 पर दोनों यात्रियों को ग्रीन चैनल पार करने के बाद रोका गया। कस्टम अधिकारियों ने संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर उनकी जांच की थी। जांच में उनके अंडरगारमेंट्स से सोने की दो चेन बरामद हुईं। इन्हें काले टेप और कार्बन पेपर में लपेटकर छिपाया गया था। बरामद दोनों चेन 999 शुद्धता वाले सोने की हैं और इनका कुल वजन 332 ग्राम है। आज की अन्य बड़ी खबरें… मुंबई के बांद्रा इलाके के मॉल में लगी आग; 3 घंटे बाद बुझाई गई, कोई घायल नहीं मुंबई के बांद्रा इलाके में शुक्रवार सुबह पांच मंजिला मॉल में आग लग गई। नगर निगम के अधिकारियों के मुताबिक, इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। करीब तीन घंटे के बाद आग पर काबू पाया गया। इसके बाद दमकल विभाग ने 8 फायर इंजन और आग बुझाने वाली अन्य गाड़ियां मौके पर भेजीं। अधिकारियों के मुताबिक, आग लगने की वजह और इससे हुए नुकसान का अभी पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच की जा रही है। महाराष्ट्र के शिवसेना विधायक बोले- किसान सुसाइड करे तो अंतिम संस्कार में न जाएं महाराष्ट्र के शिवसेना विधायक संजय गायकवाड़ ने कहा है कि आत्महत्या करने वाले किसानों के अंतिम संस्कार में कोई शामिल न हो। उन्होंने दावा किया कि ऐसा होने पर दूसरे किसान आत्महत्या करने से पहले इसके परिणामों के बारे में सोचेंगे। उनके इस बयान पर विवाद हो रहा है। गायकवाड़ ने किसानों से कहा कि परेशानी होने पर सरकार, सांसद या विधायक को अपनी समस्या बताएं। पश्चिम बंगाल में नए सरकारी शिक्षकों के चुनाव लड़ने पर लगी रोक प. बंगाल सरकार ने भविष्य में नियुक्त होने वाले सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों के शिक्षकों के सीधे राजनीति में शामिल होने पर रोक लगा दी है। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। नए शिक्षक पंचायत, नगर निकाय, विधानसभा और लोकसभा चुनाव नहीं लड़ सकेंगे। यह नियम पहले से नियुक्त शिक्षकों पर लागू नहीं होगा। गृह मंत्रालय के पास ‘दिमागी नक्सल’ पर जानकारी नहीं, आरटीआई का दिया जवाब पीएम नरेंद्र मोदी के ‘दिमागी नक्सल’ बयान पर विवाद के बीच गृह मंत्रालय का आरटीआई जवाब आया है। मंत्रालय ने कहा कि इसकी जानकारी उपलब्ध नहीं है। आवेदन में पूछा गया था कि क्या यह सरकार की आधिकारिक श्रेणी है और इसके तहत लोगों की पहचान कैसे होती है। आवेदक ने ऐसे लोगों की संख्या, राज्यवार आंकड़े और पहचान के नियमों से जुड़े दस्तावेज मांगे थे।
भास्कर अपडेट्स:दिल्ली एयरपोर्ट पर ₹47 लाख का सोना तस्करी करते दो यात्री गिरफ्तार, अंडरगारमेंट्स में छिपाकर लाए थे 332 ग्राम की दो चेन
By InstaKhabar
On: October 30, 2026 11:04 AM






