बोकारो में कायस्थ समाज का एक महासम्मेलन 5 अप्रैल रविवार को बोकारो क्लब में आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन “चित्रगुप्त महापरिवार बोकारो जिला” और “लाल बहादुर शास्त्री सेवा समिति” के संयुक्त तत्वावधान में हो रहा है। इसमें झारखंड भर से समाज के प्रबुद्धजन और विभिन्न क्षेत्रों के अग्रणी लोग शामिल होंगे। सम्मेलन में कायस्थ समाज वर्तमान सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक चुनौतियों पर विचार-विमर्श करेगा। कार्यक्रम सुबह 9 बजे से शुरू होगा, जिसमें समाज के उत्थान और भविष्य की दिशा तय करने पर विशेष चर्चा की जाएगी। जिला समिति के मुख्य सलाहकार अरुण सिन्हा ने बताया कि बदलते समय में कायस्थ समाज के युवाओं को रोजगार, विशेषकर सरकारी नौकरियों में अवसरों की कमी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आत्मनिर्भरता और वैकल्पिक रोजगार के मार्ग तलाशने को समय की मांग बताया। सम्मेलन में महिलाओं के सशक्तिकरण, बेटियों की शिक्षा, विवाह संबंधी चुनौतियां, आर्थिक तंगी, बदलते पारिवारिक ढांचे में बुजुर्गों की स्थिति और सामाजिक एकजुटता जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी विचार किया जाएगा। महासचिव भैया प्रीतम ने जानकारी दी कि “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” विषय पर एक विशेष सत्र आयोजित होगा, जिसमें बेटियों को शिक्षित और आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया जाएगा। गिरिडीह, धनबाद, कोडरमा, रामगढ़, हजारीबाग, रांची और चतरा सहित कई जिलों से प्रतिनिधियों की उपस्थिति अपेक्षित है। आयोजकों ने इस महासम्मेलन को समाज के भविष्य के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।
बोकारो में कायस्थ समाज का महासम्मेलन 5 अप्रैल को:आत्मनिर्भरता और वैकल्पिक रोजगार के मार्ग तलाशने पर होगी चर्चा
By InstaKhabar
On: April 3, 2026 4:12 PM






