तमिलनाडु में एक्टर विजय की पार्टी TVK को समर्थन देने के बाद द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) ने कांग्रेस से अपना गठबंधन खत्म कर लिया है। अब DMK सांसद कनिमोझी ने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को लेटर लिखकर पार्टी सांसदों की सीटिंग व्यवस्था बदलने की मांग की है। कनिमोझी ने लेटर में कहा कि बदले हुए राजनीतिक हालात और कांग्रेस के साथ गठबंधन खत्म होने के बाद DMK सांसदों का कांग्रेस सांसदों के साथ बैठना उचित नहीं है। लोकसभा में 22 सांसदों वाली DMK, विपक्षी INDIA गठबंधन की चौथी सबसे बड़ी पार्टी है। इससे पहले INDIA गठबंधन के लोकसभा में दूसरे सबसे बड़े दल समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने गुरुवार को ममता बनर्जी और एमके स्टालिन से मुलाकात की थी। उन्होंने कहा था- हम वो नहीं जो मुश्किलों में साथ छोड़ दें। दरअसल INDIA गठबंधन की DMK तमिलनाडु में और TMC पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनावों में हार गई है। INDIA गठबंधन की सबसे बड़ी पार्टी कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल में TMC से अलग चुनाव लड़ा था। वहीं तमिलनाडु में रिजल्ट के बाद विजय की पार्टी TVK को समर्थन दिया है। कांग्रेस के TVK को समर्थन देने से DMK नाराज है। वहीं समाजवादी पार्टी ने भी DMK और TMC के साथ रहने का ऐलान किया है। कांग्रेस के DMK, TMC और समाजवादी पार्टी से रिश्तों खराब होने के बाद INDIA गठबंधन के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। DMK नेताओं ने कांग्रेस पर “पीठ में छुरा घोंपने” का आरोप लगाया है। पार्टी प्रवक्ता सरवनन अन्नादुरई ने कहा कि कांग्रेस को तमिलनाडु में जो पांच सीटें मिलीं, वह DMK गठबंधन की वजह से मिलीं। उनका दावा है कि गठबंधन नहीं होता तो कांग्रेस एक भी सीट नहीं जीत पाती। वहीं कांग्रेस का कहना है कि उसने तमिलनाडु की जनता के जनादेश का सम्मान करते हुए TVK का समर्थन किया है और यही जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका है। DMK और कांग्रेस का गठबंधन कई दशकों पुराना रहा है। बीच-बीच में मतभेद जरूर हुए, लेकिन दोनों पार्टियां 2016 में फिर साथ आई थीं। अब यह गठबंधन टूटने के बाद राष्ट्रीय राजनीति में भी असर दिखने लगा है।
DMK सांसद लोकसभा में कांग्रेस के साथ नहीं बैठेंगे:स्पीकर को लेटर लिखा, TVK को समर्थन देने से नाराज; अखिलेश का तंज- हम मुश्किलों में साथ नहीं छोड़ते
By InstaKhabar
On: May 8, 2026 6:01 PM






