इंस्टाखबर देश राज्य विदेश क्रिकेट एंटरटेनमेंट टेक्नोलॉजी राजनीति बिजनेस सेहत

MP में शराब तस्करों ने टीआई को कुचला, मौत:इंदौर-बैतूल हाईवे पर तस्करी रोकने पहुंचे थे; पिछला पहिया ऊपर से गुजर गया

On: November 2, 2026 11:13 AM
Follow Us:

मध्य प्रदेश के देवास में अवैध शराब भरे वाहन (ट्रक) ने खातेगांव टीआई दिलीप पुरी को कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल पुरी को अस्पताल ले जाया गया। यहां करीब दो घंटे तक CPR और इलाज के बाद भी उन्हें बचाया नहीं जा सका। टीआई पुरी रविवार देर रात करीब डेढ़ बजे अवैध शराब की तस्करी की सूचना पर कार्रवाई करने टीम के साथ इंदौर-बैतूल हाईवे पहुंचे थे। नेमावर पुलिस भी इसी ट्रक का पीछा कर रही थी। पुलिस टीम को ट्रक हाईवे पर डिवाइडर के किनारे खड़ा मिला। थाना प्रभारी पुरी ने ड्राइवर से बाहर आने को कहा। इसी दौरान वह ट्रक को डिवाइडर पर चढ़ाकर आगे बढ़ाने लगा। इस दौरान पिछला पहिए उन पर चढ़ गया और पुरी गंभीर रूप से घायल हो गए। डॉ. शैलेन्द्र ने बताया, “टीआई की अस्पताल आने से पहले ही मौत हो चुकी थी। बहुत ज्यादा ब्लीडिंग हुई थी। शरीर के कई अंग बुरी तरह डैमेज थे। शरीर पर कई फ्रैक्चर थे। फिर भी हमने अपनी तरफ से पूरी कोशिश की।” वाहन को संदलपुर में छोड़कर ड्राइवर फरार ड्राइवर ट्रक को डिवाइडर पर चढ़ाकर दूसरी ओर ले गया और संदलपुर में छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को संदलपुर थाने में खड़ा कर दिया है। ड्राइवर की तलाश की जा रही है। घटना की जांच के लिए एसआईटी बनाई गई घटना की सूचना मिलने पर देवास एसपी आदित्य मिश्रा सोमवार तड़के करीब 3:30 बजे खातेगांव पहुंचे। एसपी ने बताया कि घटना की जांच के लिए एसआईटी बना दी गई है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी। ट्रक के कंपार्टमेंट में शराब भरी हुई थी- पुलिस आबकारी उपनिरीक्षक पूजा गेहलोत ने बताया, ट्रक बेस से करीब दो फीट ऊंचा है। ट्रक के कंपार्टमेंट में शराब भरी हुई थी। शराब कितनी है, कहां से लाई थी, यह गिनती के बाद ही पता चलेगा।” पिता ओमप्रकाश पुरी कृषक होने के साथ कांग्रेस के नेता देवास जिले के खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी मूल रूप से धार जिले की सरदारपुर तहसील के ग्राम बरमण्डल के निवासी थे। परिवार में पत्नी कविता और बेटा-बेटी हैं। उनके पिता ओमप्रकाश पुरी कृषक होने के साथ कांग्रेस नेता हैं। बताया जा रहा है कि दिलीप पुरी का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव बरमण्डल में राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। उनके छोटे भाई इंदौर में निजी नौकरी करते हैं। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और रिश्तेदार उनके घर पहुंचने लगे हैं। तिरंगे में लपेटी पार्थिव देह, गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया पोस्टमॉर्टम के बाद टीआई दिलीप पुरी के पार्थिव शरीर को तिरंगे में लपेटा गया। इसके बाद पुलिस की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद पुलिस अधिकारी और परिजन पार्थिव शरीर लेकर उनके पैतृक गांव के लिए रवाना हो गए। शराब ठेकेदार के कुछ कर्मचारी हिरासत में लिए गए बताया जा रहा है कि हादसे में इस्तेमाल ट्रक रतलाम पासिंग का है। पुलिस ने हरदा जिले की टिमरनी तहसील के शराब ठेकेदार और कांग्रेस नेता राहुल जायसवाल के कुछ कर्मचारियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पूछताछ की जा रही है। आबकारी अधिकारी सुनील भोजने ने बताया कि टिमरनी की शराब दुकान को फिलहाल सील कर दिया गया है। राहुल जायसवाल का शराब कारोबार से संबंध होने से इनकार इस मामले में नाम आने पर कांग्रेस नेता राहुल जायसवाल ने भास्कर से कहा कि उनकी कोई शराब की दुकान नहीं है। यह दुकान रिश्तेदार पाटन जायसवाल की है और वहां भूपेंद्र सिंह राणा मैनेजर हैं। राहुल ने कहा – मेरा इस मामले से कोई लेना-देना नहीं है। मेरा मुख्य काम बसों और पेट्रोल पंप का है। सिंघार बोले- माफिया के मन से शासन-प्रशासन का डर खत्म नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि मध्य प्रदेश में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि अब पुलिसकर्मी भी सुरक्षित नहीं हैं। सिंघार ने आरोप लगाया कि अवैध शराब माफिया ने टीआई दिलीप पुरी को ट्रक से कुचल दिया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब कानून के रक्षक ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम आदमी अपनी सुरक्षा की उम्मीद कैसे कर सकता है? उन्होंने यह भी पूछा कि क्या माफिया के मन से शासन-प्रशासन का डर खत्म हो चुका है? उन्होंने मुख्यमंत्री से माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। अरुण यादव बोले- कानून के रक्षक ही सुरक्षित नहीं हैं मामले में पूर्व कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अरुण यादव ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर घटना को प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर करारा तमाचा बताया। यादव ने दिलीप पुरी को श्रद्धांजलि देते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में माफिया बेखौफ हैं और सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। चंदाना-बिंजाना में संदिग्ध जहरीली शराब से 13 मौतें इससे पहले हाल ही में देवास जिला मुख्यालय से करीब 7 किलोमीटर दूर चंदाना और पास के बिंजाना गांव में संदिग्ध जहरीली शराब से मौतों का मामला सामने आया था। ग्रामीणों ने दोनों गांवों में 20 दिन के भीतर 13 से ज्यादा लोगों की मौत होने का दावा किया था। कई लोगों की आंखों की रोशनी प्रभावित होने की बात भी सामने आई थी। ग्रामीणों के मुताबिक, मौतों का सिलसिला 27 सितंबर को शुरू हुआ था। शराब पीने के बाद लोगों को पेट दर्द, चक्कर, घबराहट और उल्टी की शिकायत हुई थी। कुछ ही घंटों में उनकी मौत हो गई थी। इस मामले के बाद जिले में अवैध शराब के कारोबार को लेकर सवाल उठे थे। अब अवैध शराब तस्करी की सूचना पर कार्रवाई के दौरान खातेगांव थाना प्रभारी की मौत का मामला सामने आया है। देवास और सागर के कलेक्टर-SP बदले गए थे जहरीली शराब से मौतों के मामलों के बीच देवास और सागर के कलेक्टर-SP बदले गए थे। देवास में जिला आबकारी अधिकारी बसंती भूरिया समेत 3 आबकारी अफसरों को भी निलंबित किया गया था। ये खबरें भी पढ़ें… 1. शराब पी, सुबह उठे नहीं, 20 दिन में 13 मौतें:कई की आंखों की रोशनी चली गई सागर के बाद अब देवास जिले में संदिग्ध जहरीली शराब से मौतों का बड़ा मामला सामने आया है। चंदाना और पास के बिंजाना गांव में 20 दिन के भीतर मौतों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। पढ़ें पूरी खबर… 2. देवास- AI से सीखा नकली शराब बनाने का तरीका देवास के चंदाना में जहरीली शराब से मौत मामले में नया खुलासा हुआ है। पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी अजय राठौर ने घर पर ही नकली शराब बनाई थी। इसके बाद नकली शराब को शराब की पेटियों में मिलाकर सप्लाई किया। पढ़ें पूरी खबर…

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

और पढ़ें

बरेली मौलाना ने 3 दिन में जारी किए 3 फतवे:उमर की शादी, सारा की पूजा और दीपक के मोहम्मद नाम इस्तेमाल पर जताया एतराज

दिल्ली-विंटर एक्शन प्लान के पहले दिन ₹68.4 लाख का जुर्माना:1,500 से ज्यादा गाड़ियां बॉर्डर से लौटाईं; 1 नवंबर से नए नियम लागू हुए

पंजाब में 2 दिन में 3 AAP विधायकों का इस्तीफा:तीनों दिल्ली में BJP जॉइन करेंगे; कुंवर ने विधानसभा की मेंबरशिप भी छोड़ी

इंडिया गठबंधन की रैली से व्यापारियों को ₹11,000 का नुकसान:व्यापारी संगठनों का दावा- दिल्ली के 20 बड़े बाजारों की 2.5 लाख दुकानें बंद रहीं

रूसी ड्रोन से बचने गैस पाइपलाइनों में छिपे यूक्रेनी सैनिक:महीनों तक अंडरग्राउंड सुरंगों में रहने को मजबूर; रूस-यूक्रेन जंग पांचवें साल में भी जारी

दिल्ली-NCR में 50% वर्क फ्रॉम होम, पुरानी गाड़ियों पर रोक:प्रदूषण रोकने के लिए आज से पाबंदियां; 9 साल में अक्टूबर की हवा सबसे साफ

Leave a Comment