इंस्टाखबर देश राज्य विदेश क्रिकेट एंटरटेनमेंट टेक्नोलॉजी राजनीति बिजनेस सेहत

बैनक्रॉफ्ट का खुलासा-बॉल टैम्परिंग में पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम शामिल थी:कहा- सैंडपेपर का आइडिया वॉर्नर का था, सिर्फ स्टीव स्मिथ ने मना किया

On: November 18, 2026 5:04 PM
Follow Us:

2018 के केपटाउन बॉल टैम्परिंग विवाद में आठ साल बाद कैमरून बैनक्रॉफ्ट ने नया खुलासा किया है। उन्होंने कहा है कि गेंद से छेड़छाड़ में सिर्फ वे, स्टीव स्मिथ और डेविड वॉर्नर ही शामिल नहीं थे, बल्कि पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम को इसकी जानकारी थी। बैनक्रॉफ्ट के मुताबिक, सैंडपेपर से गेंद खुरचने का आइडिया वॉर्नर ने दिया था। इस पर ड्रेसिंग रूम में चर्चा हुई, कोच भी मौजूद थे और कई खिलाड़ियों ने इस पर हां कहा था। बैनक्रॉफ्ट ने यह भी बताया कि उन्होंने मैदान पर लगभग हर ओवर में सैंडपेपर से गेंद को खुरचा। गेंद रिवर्स स्विंग होने लगी तो टीम के खिलाड़ी उनकी तारीफ करने लगे। बाद में जब केपटाउन टेस्ट में वे कैमरे पर पकड़े गए, तब टीम ने मिलकर पूरी सच्चाई बताने के बजाय सैंडपेपर का नाम छिपाया। बॉल टैम्परिंग की शुरुआत कैसे हुई? बैनक्रॉफ्ट के मुताबिक, ऑस्ट्रेलियाई टीम में गेंद की हालत बदलने और रिवर्स स्विंग हासिल करने को लेकर पहले से बातचीत होती थी। 2017-18 एशेज सीरीज में अपना पहला टेस्ट खेलते समय उन्हें और दूसरे खिलाड़ियों को विकेट गिरने के बाद गेंद की सिलाई यानी क्वार्टर सीम को दबाने के लिए कहा गया था। इससे गेंद की सतह खुरदरी हो सकती थी और रिवर्स स्विंग में मदद मिल सकती थी। बैनक्रॉफ्ट ने कहा कि डेविड वॉर्नर लंबे समय से टीम में गेंद की देखभाल की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उन्हें रिवर्स स्विंग और गेंद की हालत बनाए रखने की अच्छी समझ थी। बैनक्रॉफ्ट ने शुरुआत में इन तरीकों को सामान्य टीम प्रैक्टिस समझा। डरबन टेस्ट में सैंडपेपर नहीं था, पोर्ट एलिजाबेथ में योजना बनी साउथ अफ्रीका दौरे के पहले टेस्ट में डरबन में सैंडपेपर का इस्तेमाल नहीं हुआ था। लेकिन दूसरे टेस्ट में हालात बदल गए। पोर्ट एलिजाबेथ में ऑस्ट्रेलिया पहली पारी में 243 रन पर आउट हो गया। साउथ अफ्रीका ने दूसरे दिन टी-ब्रेक तक 2 विकेट पर 153 रन बना लिए थे। गेंद से ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों को ज्यादा मदद नहीं मिल रही थी और टीम दबाव में थी। टी-ब्रेक के 20 मिनट के दौरान ड्रेसिंग रूम में खिलाड़ी और कोच मैच की स्थिति पर चर्चा कर रहे थे। बैनक्रॉफ्ट के अनुसार, इसी बातचीत में गेंद को रिवर्स स्विंग कराने का मुद्दा उठा। सामान्य तरीके से गेंद चमकाने और लार के इस्तेमाल से फायदा नहीं मिल रहा था। वॉर्नर ने दिया सैंडपेपर इस्तेमाल करने का सुझाव बैनक्रॉफ्ट के मुताबिक, इसी चर्चा के दौरान डेविड वॉर्नर ने गेंद की एक तरफ सैंडपेपर रगड़कर उसे खुरदरा करने का सुझाव दिया। वॉर्नर ने कहा कि वे खुद यह काम नहीं कर सकते, क्योंकि सीरीज में टीवी कैमरों की नजर लगातार उन पर थी। बैनक्रॉफ्ट का दावा है कि ड्रेसिंग रूम में इस प्रस्ताव पर दूसरे खिलाड़ियों ने भी अपनी राय दी और कुछ ने सहमति जताई। गेंदबाजी कोच डेविड सेकर और मुख्य कोच डैरेन लेहमैन भी वहां मौजूद थे। कप्तान स्टीव स्मिथ भी बातचीत में आए। बैनक्रॉफ्ट के मुताबिक, स्मिथ ने साफ कर दिया कि वे इस काम का हिस्सा नहीं बनना चाहते और इसके बाद बातचीत से अलग हो गए। । बैनक्रॉफ्ट ने माना कि उन्हें पता था कि सैंडपेपर इस्तेमाल करना गलत और धोखाधड़ी है। फिर भी उन्होंने यह जिम्मेदारी स्वीकार कर ली। उस समय वे अपना सातवां टेस्ट खेल रहे थे और टीम में अपनी जगह मजबूत करना चाहते थे। कैमरों की नजर से बचने का तरीका भी तय था बैनक्रॉफ्ट के मुताबिक, टीम को पता था कि सेशन शुरू होने पर मैदान पर लौटते समय कैमरे तुरंत खिलाड़ियों पर नहीं आते। टीवी प्रसारण में पहले देश का लोगो दिखाया जाता था और कैमरे लगभग आधे रास्ते के बाद टीम पर आते थे। वॉर्नर ने इसी समय को गेंद से छेड़छाड़ करने का मौका बताया। बैनक्रॉफ्ट सैंडपेपर लेकर मैदान पर उतरे और गेंद मिलने पर उसका इस्तेमाल किया। उन्होंने बताया कि शुरुआत में उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि सैंडपेपर का कितना असर हो रहा है। इसलिए वे लगातार तेज गेंदबाजों से पूछते रहे कि गेंद रिवर्स स्विंग हो रही है या नहीं। उन्होंने पैट कमिंस, मिचेल स्टार्क, जोश हेजलवुड और मिचेल मार्श से इस बारे में बात की। विकेटकीपर टिम पेन से भी गेंद की मूवमेंट को लेकर फीडबैक लिया। गेंदबाज बताते थे कि गेंद में अभी पर्याप्त रिवर्स स्विंग नहीं है, इसलिए वे सैंडपेपर का इस्तेमाल और करते थे। एक बार उन्हें यह भी कहा गया कि वे रुक जाएं, क्योंकि उनका तरीका कैमरों को दिखने लगा था। एक ही बार नहीं, पूरे टेस्ट में हुई छेड़छाड़ बैनक्रॉफ्ट ने दावा किया कि उन्होंने पोर्ट एलिजाबेथ टेस्ट के दूसरे दिन सिर्फ एक बार गेंद नहीं खुरची थी। उन्होंने पूरे आखिरी सेशन में लगभग हर ओवर में ऐसा किया और फिर बाकी टेस्ट में भी यह जारी रखा। उस सेशन में ऑस्ट्रेलिया ने 28 रन देकर साउथ अफ्रीका के 4 विकेट लिए। बैनक्रॉफ्ट के मुताबिक, गेंद की मूवमेंट से टीम उत्साहित थी। मिचेल मार्श ने मजाक में कहा कि गेंद इतनी स्विंग हो रही है, जबकि पहले वे इतनी स्विंग नहीं करा पाते थे। उन्होंने बताया कि साथी खिलाड़ी कहते थे- अच्छा काम किया, इसे जारी रखो। साथ ही उन्हें सावधान रहने के लिए भी कहा जाता था। स्मिथ ने उनसे कहा था कि वे इस बारे में कुछ जानना नहीं चाहते। अगले दिन टीम की नियमित बैठक में भी बैनक्रॉफ्ट की गेंद से छेड़छाड़ की चर्चा हुई। उनके मुताबिक, खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ ने उनके काम की तारीफ की। गेंदबाजी कोच डेविड सेकर ने भी उनकी सराहना की। लेकिन टीम की मीडिया मैनेजर केट हचिसन ने इस पर आपत्ति जताई। बैनक्रॉफ्ट के मुताबिक, उन्होंने साफ कहा कि यह गलत है और वे इसका हिस्सा नहीं बनना चाहतीं। इसके बाद वे वहां से चली गईं। बैनक्रॉफ्ट ने माना कि उस समय उन्हें अपनी गलती रोक देनी चाहिए थी, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। कैमरे में पकड़े जाने के बाद सैंडपेपर छिपाया गया केपटाउन टेस्ट के तीसरे दिन टीवी कैमरों ने बैनक्रॉफ्ट को गेंद पर सैंडपेपर इस्तेमाल करते हुए पकड़ लिया। इसके बाद मैदान पर हड़कंप मच गया। बैनक्रॉफ्ट के मुताबिक, ड्रिंक्स ब्रेक के दौरान पीटर हैंड्सकॉम्ब मैदान पर आए और उनके पास से सैंडपेपर ले लिया। उन्होंने कहा, मुझे लगता है, अब इसे मैं अपने पास रखता हूं। बैनक्रॉफ्ट का दावा है कि कोच डैरेन लेहमैन ने वॉकी-टॉकी पर हैंड्सकॉम्ब से कहा था कि बैनक्रॉफ्ट से सैंडपेपर तुरंत ले लो। प्रेस कॉन्फ्रेंस में भी पूरी सच्चाई नहीं बताई गई पकड़े जाने के बाद टीम में इस बात पर चर्चा हुई कि सार्वजनिक तौर पर क्या जवाब दिया जाए। बैनक्रॉफ्ट के मुताबिक, कुछ लोग चाहते थे कि टीम अगले दिन तक इंतजार करे और फिर सोच-समझकर बयान दे। लेकिन स्टीव स्मिथ तुरंत प्रेस कॉन्फ्रेंस करना चाहते थे। प्रेस कॉन्फ्रेंस से पहले बैनक्रॉफ्ट के मुताबिक, डेविड सेकर ने खास तौर पर कहा कि सैंडपेपर का नाम नहीं लेना चाहिए। कुछ कोच और खिलाड़ियों ने भी इसी सलाह का समर्थन किया, जबकि कुछ ने विरोध किया। आखिरकार टीम ने गेंद से छेड़छाड़ की बात तो स्वीकार की, लेकिन सैंडपेपर इस्तेमाल करने की सच्चाई नहीं बताई। बैनक्रॉफ्ट ने कहा कि उन्होंने इसे टेप और मैदान से मिली दूसरी चीजों से गेंद की हालत बदलने के रूप में बताया। मैच के बाद खिलाड़ियों और स्टाफ की लंबी बैठक हुई। बैनक्रॉफ्ट का दावा है कि उस बैठक में किसी ने भी यह नहीं कहा कि उसे सैंडपेपर के इस्तेमाल की जानकारी नहीं थी। 2021 में गेंदबाजों के बयान से फिर बढ़ा विवाद 2021 में काउंटी क्रिकेट खेलते समय बैनक्रॉफ्ट ने ‘द गार्जियन’ को इंटरव्यू दिया था। जब उनसे पूछा गया कि क्या ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों को गेंद से छेड़छाड़ की जानकारी थी, तो उन्होंने जवाब दिया था- यह अपने आप में स्पष्ट है। इसके बाद पैट कमिंस, मिचेल स्टार्क, जोश हेजलवुड और नाथन लायन ने संयुक्त बयान जारी कर कहा था कि उन्हें टीवी फुटेज सामने आने से पहले सैंडपेपर के मैदान पर इस्तेमाल की जानकारी नहीं थी। बैनक्रॉफ्ट ने कहा कि यह बयान पढ़कर उन्हें बहुत दुख हुआ, क्योंकि पोर्ट एलिजाबेथ और केपटाउन में गेंद की मूवमेंट को लेकर गेंदबाजों से उनकी लगातार बातचीत हुई थी। उन्होंने यह भी माना कि गेंद के रिवर्स स्विंग होने की जानकारी। उनके मुताबिक, वे उस समय अपनी पूरी बात सार्वजनिक नहीं कर पाए थे, क्योंकि वे फिर से ऑस्ट्रेलिया के लिए खेलना चाहते थे। 8 साल तक खुद को अकेला जिम्मेदार मानते रहे 2018 में बैनक्रॉफ्ट, स्मिथ और वॉर्नर पर कार्रवाई हुई। बैनक्रॉफ्ट को 9 महीने, जबकि स्मिथ और वॉर्नर को एक-एक साल का प्रतिबंध झेलना पड़ा। बैनक्रॉफ्ट ने कहा कि उन्होंने उस समय पूरी टीम की जिम्मेदारी अपने ऊपर लेने का फैसला किया था। उन्हें उम्मीद थी कि सजा पूरी करने और घरेलू क्रिकेट में रन बनाने के बाद उन्हें फिर ऑस्ट्रेलिया के लिए खेलने का मौका मिलेगा। 2019 में जस्टिन लैंगर के कोच रहते हुए आखिरी बार उन्हें ऑस्ट्रेलिया के लिए खेलने का मौका मिला। इसके बाद वे घरेलू क्रिकेट में रन बनाते रहे। पिछले 6 साल में ऑस्ट्रेलिया के डोमेस्टिक प्रतियोगिता में उनसे ज्यादा शतक किसी ने नहीं लगाए और आधे से ज्यादा समय वे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप-3 बल्लेबाजों में रहे। फिर भी उन्हें टेस्ट टीम में मौका नहीं मिला। बैनक्रॉफ्ट ने माना कि चयन के कई क्रिकेटिंग कारण हो सकते हैं, लेकिन उन्हें संदेह रहा कि 2018 विवाद का असर भी उनके चयन पर पड़ा। ख्वाजा की किताब से फिर खुला मामला बैनक्रॉफ्ट ने कहा कि उस्मान ख्वाजा की आत्मकथा ‘सब्र’ में 2018 की घटनाओं का जिक्र पढ़ने के बाद पुरानी यादें फिर ताजा हो गईं। उनका करियर बर्बाद हो गया और वे 8 साल तक इस बोझ के साथ रहे। अब वे क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के स्वतंत्र फोरम में भी अपनी बात रखने जाएंगे। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने जांच के लिए स्वतंत्र फोरम बनाया 18 नवंबर को क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के CEO टॉड ग्रीनबर्ग ने घोषणा की कि 2018 दक्षिण अफ्रीका दौरे में शामिल रहे खिलाड़ियों और स्टाफ को अपनी बात रखने का मौका देने के लिए स्वतंत्र फोरम बनाया जाएगा। बैनक्रॉफ्ट ने इस पहल का स्वागत किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

और पढ़ें

कोडरमा में तीन दिन से लापता नवविवाहिता का शव मिला:कुएं में उपलाती मिली लाश, आठ महीने पहले सिहास गांव में हुई थी शादी

तालाब में डूबने से दो नाबालिग लड़कों की मौत:छठ पूजा के लिए औरंगाबाद से आए थे रामगढ़, एक को बचाने गया दूसरा किशोर भी डूबा

ब्रिटेन के भावी राजा विलियम PM मोदी से आज मिलेंगे:पत्नी केट के साथ 10 साल बाद भारत आए; व्यापार-रक्षा और टेक्नोलॉजी पर बातचीत

फोरलेन साइट पर फायरिंग से पहले चार युवक गिरफ्तार:पुलिस ने राहुल दुबे गैंग के आरोपियों से 2 पिस्टल, 12 गोलियां और 2 मैगजीन जब्त कीं

ग्रैमी अवॉर्ड्स की रेस से बाहर हुई ‘धुरंधर 2’:अरिजीत का गाना ‘फिर से’ भी नहीं हुआ नॉमिनेट; 9 कैटेगरी में भेजे गए थे गाने

कार के साथ 12 साल की बच्ची का किडनैप:चेन्नई में 230 KM दूर कार से उतरकर भागी बच्ची; एक आरोपी अरेस्ट

Leave a Comment