रामगढ़ के चुना भट्टा तालाब में बुधवार को नहाने के दौरान दो नाबालिग लड़कों की डूबने से मौत हो गई। दोनों छठ पूजा मनाने बिहार के औरंगाबाद से रामगढ़ आए थे। मृतकों की पहचान शिवम कुमार पासवान (13) और छोटू पासवान (15) के रूप में हुई है। शिवम के पिता का नाम अजय पासवान और छोटू के पिता का नाम संजय पासवान है। बच्चों के पिता संजय पासवान ने बताया कि वे अपने बेटे छोटू और भतीजे शिवम के साथ छठ पूजा मनाने रामगढ़ की सिरका कोलवरी आए थे। उनके जीजा जीएम ऑफिस में निजी सुरक्षा गार्ड का काम करते हैं। संजय के मुताबिक, घर में पानी नहीं आया था। इसलिए परिवार चुना भट्टा तालाब में नहाने गया। इसी दौरान छोटू डूबने लगा। उसे बचाने के लिए शिवम पानी में गया और वह भी डूब गया। परिवार के लोगों ने दोनों बच्चों को तालाब से बाहर निकाला और रामगढ़ सदर अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद रामगढ़ पुलिस सदर अस्पताल पहुंची। पुलिस ने दोनों बच्चों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
तालाब में डूबने से दो नाबालिग लड़कों की मौत:छठ पूजा के लिए औरंगाबाद से आए थे रामगढ़, एक को बचाने गया दूसरा किशोर भी डूबा
By InstaKhabar
On: November 18, 2026 5:04 PM






