दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने मंगलवार को दिल्ली सरकार के सभी अस्पतालों के मेडिकल सुपरिटेंडेंट (एमएस) और मेडिकल डायरेक्टर (एमडी) के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक कर स्वास्थ्य सेवाओं और मानसून के दौरान की तैयारियों का जायजा लिया। बैठक में स्वास्थ्य सचिव और स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। बैठक में अस्पतालों के बुनियादी ढांचे, मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं, दवाओं की उपलब्धता, आपातकालीन सेवाओं और डेंगू, मलेरिया और अन्य वेक्टर जनित बीमारियों से निपटने की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई। स्वास्थ्य मंत्री ने सभी अस्पतालों को मॉनसून के दौरान मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पर्याप्त बेड, दवाएं और मेडिकल स्टाफ उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। दवाओं और सर्जिकल उपकरणों की खरीद की भी समीक्षा की डॉ. पंकज कुमार सिंह ने सेंट्रल प्रोक्योरमेंट एजेंसी (सीपीए) के माध्यम से दवाओं और सर्जिकल उपकरणों की खरीद की स्थिति की भी समीक्षा की। सभी अस्पतालों के मेडिकल सुपरिटेंडेंट ने बताया कि सरकारी अस्पतालों में आवश्यक दवाओं और सर्जिकल आइटम का 90 प्रतिशत से अधिक स्टॉक उपलब्ध है और किसी प्रकार की कमी नहीं है। ‘मरीजों को जांच, इलाज और दवाएं समय पर उपलब्ध हो’ स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पतालों में दवा वितरण व्यवस्था पारदर्शी और निर्बाध रहे। साथ ही मरीजों को जांच, इलाज और दवाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने अस्पताल परिसरों में साफ-सफाई, जलभराव रोकने, मच्छरों के प्रजनन स्थलों को खत्म करने और संक्रमण नियंत्रण के उपायों को भी प्राथमिकता देने को कहा। मंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य राजधानी के लोगों को बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसके लिए अस्पतालों की नियमित निगरानी की जाएगी और जहां भी कमियां होंगी, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाएगा।
दिल्ली के अस्पतालों में दवाओं का 90% से अधिक स्टॉक:मानसून की तैयारियों की स्वास्थ्य मंत्री ने की समीक्षा, डेंगू-मलेरिया से निपटने पर जोर
By InstaKhabar
On: July 29, 2026 10:53 PM






