धनबाद पुलिस को नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के एक मामले में बड़ी सफलता हाथ लगी है। इस मामले में फरार चल रहे आरोपी लवकुश कुमार यादव को बिहार के नवादा जिले से गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के साथ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज था। धनबाद डीएसपी (लॉ एंड ऑर्डर) प्रकाश सोय ने बताया कि 4 मई 2026 की शाम धनसार थाना क्षेत्र में नाबालिग के साथ दुष्कर्म की सूचना मिली थी, जिसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए धनसार थाना में कांड संख्या 75/2026 दर्ज किया गया। छापेमारी के दौरान फरार हुआ था आरोपी प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई जगहों पर छापेमारी की, लेकिन वह अपने घर से फरार हो गया था। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए वरीय अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष एसआईटी टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर लगातार कार्रवाई करते हुए आरोपी की लोकेशन ट्रैक की और उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी। नवादा से धराया, पूछताछ में कबूला अपराध एसआईटी टीम ने आखिरकार आरोपी को बिहार के नवादा जिला अंतर्गत रजौली थाना क्षेत्र के लेंगुरा तुलसीबीघा गांव से गिरफ्तार कर लिया। उसे धनसार थाना लाकर पूछताछ की गई, जहां उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी लवकुश कुमार यादव, पिता सहदेव यादव, मूल रूप से नवादा जिले का रहने वाला है। धनबाद के धनसार थाना क्षेत्र की न्यू दिल्ली कॉलोनी में रह रहा था। इस कार्रवाई में धनसार थाना प्रभारी मनोहर करमाली सहित कई पुलिस अधिकारी और सशस्त्र बल शामिल थे। पुलिस आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुटी हुई है।
नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी बिहार से गिरफ्तार:छापेमारी के दौरान फरार हुआ था आरोपी, पूछताछ में कबूला अपराध
By InstaKhabar
On: May 27, 2026 7:08 PM






