पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज सोहेल तनवीर ने विराट कोहली और रोहित शर्मा को भारतीय क्रिकेट के लिए वरदान बताया है। उन्होंने कहा- ‘कोहली के आंकड़े और विश्व क्रिकेट में योगदान खुद उनकी महानता बताते हैं। उन्होंने रोहित के अनुभव को भी टीम के लिए बड़ी ताकत बताया।’ तनवीर ने दुबई में न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत की। उन्होंने वनडे वर्ल्ड कप, रोहित-कोहली की एज और फिटनेस पर किए गए सवालों के जवाब दिए। उनके मुताबिक, उम्र को नकारात्मक नहीं देखना चाहिए, अगर खिलाड़ी फिटनेस और फॉर्म बनाए रखे। कहा- कोहली के आंकड़े खुद बोलते हैं तनवीर ने कहा कि विराट कोहली के आंकड़े इतने बड़े हैं कि उनके बारे में कुछ कहने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा, ‘विराट के आंकड़े इतने शानदार हैं कि मुझे कुछ कहने की जरूरत नहीं है। वे खुद बोलते हैं।’ तनवीर ने कहा कि कोहली ने भारतीय क्रिकेट के अलावा विश्व क्रिकेट की भी बड़ी सेवा की है। उन्होंने फैंस को खुशी के अनगिनत पल दिए और अपनी असाधारण प्रतिभा से उनका मनोरंजन किया। तनवीर बोले- कोहली का खेलना भारतीय क्रिकेट के लिए आशीर्वाद तनवीर ने कहा कि वह विराट कोहली को ज्यादा से ज्यादा समय तक खेलते देखना चाहते हैं। उन्होंने रोहित के साथ कोहली की तुलना करते हुए कहा कि उनका खेलना भारतीय क्रिकेट के लिए आशीर्वाद है। पूर्व पाकिस्तानी तेज गेंदबाज ने कहा, ‘जैसा मैंने रोहित के बारे में कहा था, कोहली का ज्यादा से ज्यादा समय तक खेलना भारतीय क्रिकेट के लिए बड़ा आशीर्वाद है।’ रोहित के 2027 वर्ल्ड कप खेलने पर सवाल तनवीर का मानना है कि उम्र को हमेशा नकारात्मक नजरिए से नहीं देखना चाहिए। उनके मुताबिक, फिटनेस और प्रदर्शन बरकरार रहने पर अनुभवी खिलाड़ी टीम को काफी फायदा दे सकते हैं। उन्होंने कहा, ‘अगर आप खुद को फिट रखते हैं और प्रदर्शन जारी रखते हैं, तो उम्र दोगुना फायदा देती है। लोग अक्सर उम्र को नकारात्मक नजर से देखते हैं, लेकिन मैं इसे किसी भी टीम के लिए बड़ी ताकत मानता हूं।’ तनवीर ने अनुभव की अहमियत भी बताई। उन्होंने कहा कि अनुभवी खिलाड़ी अपने प्रदर्शन को संभालने के साथ युवा साथियों का मार्गदर्शन भी कर सकते हैं। रोहित की फॉर्म और फिटनेस दोनों जरूरी रोहित ने अपनी पिछली 5 वनडे पारियों में शानदार फॉर्म दिखाई है। उन्होंने मुल्लांपुर और गुवाहाटी में वेस्टइंडीज के खिलाफ 92 और 101 रन बनाए। तिरुवनंतपुरम में उन्होंने 32 रन की पारी खेली। वेस्टइंडीज सीरीज से पहले रोहित ने इस साल की शुरुआत में लॉर्ड्स में इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे वनडे में शानदार 138 रन बनाए थे। तनवीर ने माना कि रोहित के लिए टॉप लेवल पर बने रहने के लिए फिटनेस और फॉर्म जरूरी हैं। —————————————————— भारत-पाकिस्तान क्रिकेट से जुड़ी यह खबर भी पढ़िए… भारत-पाकिस्तान मैच के टिकट के लिए 1 लाख आवेदन, 2027 वर्ल्ड कप टिकटों की भारी डिमांड 2027 वनडे वर्ल्ड कप में भारत-पाकिस्तान के मुकाबले के लिए टिकटों की भारी डिमांड है। इस मैच के लिए पिछले 3 दिन में ICC के पास 1 लाख से अधिक आवेदन आ चुके हैं। यह मैच जोहान्सबर्ग के वांडरर्स स्टेडियम में होने वाला है। इसकी दर्शक क्षमता 34 हजार है। पढ़ें पूरी खबर
पाकिस्तानी गेंदबाज ने कोहली-रोहित को भारतीय क्रिकेट लिए वरदान बताया:सोहेल तनवीर बोले- कोहली जितना लंबा खेलें, उतना अच्छा; वर्ल्डकप पर भी बात की
By InstaKhabar
On: October 7, 2026 9:26 AM






