पाकुड़ के हिरणपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह घाघरजनी पंचायत भवन के पास कोयला खाली कर लौट रहे एक हाईवा ने सड़क किनारे खड़े दाल लदे ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ट्रक चालक बापी साह गंभीर रूप से घायल हो गया। वह चांदपुर गांव का रहने वाला है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चालक केबिन में फंस गया। मौके पर जुटे स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला और इलाज के लिए स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। घटना की सूचना पुलिस को भी दी गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने भारी वाहनों की मनमानी आवाजाही पर नाराजगी जताते हुए प्रशासन से कार्रवाई की मांग की। खराब होने के कारण सड़क पर खड़ा था दाल लदा ट्रक स्थानीय लोगों के अनुसार, दाल लदा ट्रक गिरिडीह से माल लेकर पाकुड़ जा रहा था। इसी दौरान ट्रक खराब हो गया और वह पाकुड़-हिरणपुर सड़क पर खड़ा था। इसी बीच पाकुड़ में कोयला खाली कर अमड़ापाड़ा लौट रहा हाईवा वहां पहुंचा और खड़े ट्रक में टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रक चालक बापी साह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने तत्काल मदद करते हुए उसे हाईवा के केबिन से बाहर निकाला। इसके बाद उसे स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क पर भारी वाहनों की आवाजाही के दौरान सावधानी नहीं बरतने से दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से घटना की जांच कराने और भारी वाहनों की आवाजाही पर निगरानी बढ़ाने की मांग की है। समय बचाने के लिए दूसरे रास्ते से हाईवा चलाने का आरोप ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कोयला ढोने वाले कई हाईवा चालक निर्धारित मार्ग के बजाय इस सड़क का इस्तेमाल करते हैं, ताकि समय बचाया जा सके। लोगों का कहना है कि इस संबंध में पहले भी चालकों को रोकने और समझाने की कोशिश की गई। इसके बावजूद भारी वाहन जबरन इस रास्ते से गुजरते हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से ऐसे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि भारी वाहनों की तेज आवाजाही से सड़क पर चलने वाले दूसरे वाहन चालकों और आम लोगों की सुरक्षा पर खतरा बना रहता है। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। जर्जर सड़क और उड़ती धूल से भी परेशान हैं ग्रामीण ग्रामीणों के मुताबिक, पाकुड़ से हिरणपुर आने वाली मुख्य सड़क की स्थिति काफी जर्जर है। फिलहाल सड़क निर्माण का काम चल रहा है। इसके बावजूद भारी हाईवा के गुजरने से सड़क से दूर तक धूल उड़ती है, जिससे लोगों को परेशानी होती है। ग्रामीणों का कहना है कि दुर्गा पूजा के दौरान क्षेत्र में लोगों की आवाजाही बढ़ी हुई है। ऐसे में भारी वाहनों की मनमानी से दुर्घटना की आशंका और बढ़ जाती है। लोगों ने प्रशासन से सड़क निर्माण के दौरान यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने, भारी वाहनों के लिए निर्धारित मार्ग का पालन सुनिश्चित कराने और नियम तोड़ने वाले चालकों पर कार्रवाई करने की मांग की है।
पाकुड़ में खड़े ट्रक में हाईवा ने मारी टक्कर:चालक गंभीर; अवैध रास्ते से भारी वाहनों की आवाजाही पर भड़के ग्रामीण
By InstaKhabar
On: October 22, 2026 10:16 AM






