पलामू जिले के मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र में एक दुखद घटना सामने आई है। रविवार को जंगली सब्जी खुखड़ी चुनने गई एक महिला, उसकी बेटी और नातिन की पहाड़ी नदी पार करते समय डूबने से मौत हो गई। तीनों का शव मंगलवार को बरामद किया गया। मृतकों में बटउआ गांव की 52 वर्षीय शांति कुंवर, 14 वर्षीय अंजलि कुमारी और 7 वर्षीय काजल कुमारी शामिल हैं। तीनों एक ही परिवार से थीं। अंजलि और काजल शांति की बेटी और नातिन थीं। भारी बारिश के कारण नदी में पानी का बहाव तेज था परिजनों के अनुसार, तीनों जंगल से खुखड़ी चुनकर लौट रही थीं। इस दौरान उन्हें पहाड़ी नदी पार करना था। भारी बारिश के कारण नदी में पानी का बहाव तेज हो गया था। तीनों नदी से बहकर गौराहा डैम तक पहुंच गईं, जहां उनकी डूबकर मौत हो गई। घर नहीं पहुंचने पर परिवार वालों ने खोजबीन शुरू की घटना इतनी सुनसान जगह पर हुई कि किसी को इसकी जानकारी नहीं मिली। जब तीनों लंबे समय तक घर नहीं लौटीं, तब परिवार वालों ने खोजबीन शुरू की। मंगलवार सुबह ग्रामीणों की सूचना पर गोताखोरों की मदद से गौराहा डैम से तीनों के शव निकाले गए। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से पूरे इलाके में शोक छा गया है। स्थानीय प्रशासन को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है। ग्रामीणों ने जंगल और डैम जैसे इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है।
खुखड़ी चुनने गईं मां, बेटी और नातिन की मौत:पलामू में पहाड़ी नदी पार करते समय गहरे पानी में डूबीं, दो दिन बाद मिले शव
By InstaKhabar
On: August 5, 2025 10:00 PM






