चौपारण (हजारीबाग)। जीटी रोड पर अवैध कोयला तस्करी के खिलाफ शनिवार सुबह बड़ी कार्रवाई हुई। हजारीबाग पश्चिमी प्रादेशिक वन प्रमंडल के डीएफओ मौन प्रकाश के निर्देश पर चौपारण और बरही वन विभाग की संयुक्त टीम ने एक ट्रक (जेएच 02 एयू 1029) को पकड़ा। इस ट्रक में करीब 40 टन अवैध कोयला भरा हुआ था, जिसे बिहार ले जाया जा रहा था।
ट्रक चालक फरार, तस्करी गिरोह सक्रिय
जानकारी के मुताबिक, टीम ने जब ट्रक को रोकने की कोशिश की तो चालक गाड़ी तेज़ी से भगाने लगा। पीछा करने के बाद वन विभाग ने ट्रक को रोका और तलाशी में भारी मात्रा में अवैध कोयला बरामद किया। इस दौरान चालक और खलासी मौके से फरार हो गए।
ट्रक छुड़ाने पहुंचे लोग, पुलिस देखते ही भागे
बताया जाता है कि ट्रक को छुड़ाने के लिए तस्करी गिरोह से जुड़े कुछ लोग बोलेनो और ब्रेज़ा कार से मौके पर पहुंचे। लेकिन चौपारण थाना पुलिस बल के पहुंचते ही सभी वहां से भाग निकले। फिलहाल जब्त ट्रक को चौपारण प्रादेशिक वन परिसर में खड़ा किया गया है।
प्रभावशाली लोगों से जुड़े तार?
सूत्रों की मानें तो इस तस्करी रैकेट के तार क्षेत्र के कुछ प्रभावशाली लोगों से भी जुड़े हो सकते हैं। वन विभाग ने इस पूरे मामले में सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
डीएफओ की चेतावनी
डीएफओ मौन प्रकाश ने साफ कहा कि अवैध खनन और वन संपदा की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। किसी भी कीमत पर ऐसी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।






