झारखंड की राजनीति में सनसनी फैल गई है। नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी को जान से मारने की धमकी देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस एक्शन में आई और आरोपी युवक को बिहार के पटना से गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी गिरिडीह का रहने वाला
गिरिडीह पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान अंकित मिश्रा के रूप में हुई है। वह गिरिडीह के बाभन टोली, राजेंद्र नगर का निवासी है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने लोकेशन ट्रैक कर देर शाम पटना से उसे दबोच लिया।
वीडियो में क्या बोला आरोपी?
वायरल वीडियो में युवक खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा हुआ बताता है। वह कहता है कि उसका स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी से व्यक्तिगत विवाद है और वह उन्हें तथा नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू को मारना चाहता है। वीडियो में वह खुद को जमुई इलाके में घूमने की भी बात करता है।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
जैसे ही वीडियो सामने आया, गिरिडीह पुलिस ने तुरंत छानबीन शुरू की। पहले आरोपी के घर पर छापेमारी की गई, लेकिन वह वहां मौजूद नहीं था। इसके बाद लोकेशन ट्रैक कर पटना से गिरफ्तार कर लिया गया।
मंत्री सुदिव्य बोले – “कारण का पता नहीं”
मामले पर मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा –
“हमें नहीं पता कि धमकी देने की वजह क्या है। वीडियो असली है, फेक है या एआई से बना है, इसकी जांच पुलिस कर रही है। शुभचिंतकों से सुबह जानकारी मिली थी। पुलिस अपना काम कर रही है।”
जांच जारी
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है कि धमकी के पीछे असली वजह क्या थी और कहीं किसी बड़े गैंग से उसका कनेक्शन तो नहीं है।






