रजरप्पा थाना क्षेत्र के मुरुबंदा तालाब के पास शनिवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में पटना निवासी प्रसेनजीत पांडे की मौत हो गई। हादसे में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। बताया गया कि आर्टिगा कार (BR01HN-2495) में चार-पांच लोग सवार थे। सभी रजरप्पा मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद पटना लौट रहे थे। इसी दौरान मुरुबंदा के पास सड़क पर खड़े खराब पिकअप वाहन से उनकी कार टकरा गई। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित हो गई और रामगढ़ से गोला की ओर जा रही बस (JH01GL-9440) से जा भिड़ी। हादसा इतना जोरदार था कि आर्टिगा के परखच्चे उड़ गए। उसमें सवार लोग वाहन के अंदर ही फंस गए। टक्कर के बाद कार में फंसे लोग हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दुर्घटना की सूचना रजरप्पा पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। कार की स्थिति बेहद क्षतिग्रस्त होने के कारण उसमें फंसे लोगों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद सभी घायलों को इलाज के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल भेजा गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने प्रसेनजीत पांडे को जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। वहीं हादसे में घायल तीन अन्य लोगों की स्थिति गंभीर बतायी गई है। उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को किया जब्त हादसे के बाद रजरप्पा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों का जायजा लिया। पुलिस ने आर्टिगा कार और बस समेत दुर्घटना से जुड़े वाहनों को जब्त कर लिया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार सड़क पर खराब हालत में खड़े पिकअप वाहन से कार की पहली टक्कर हुई। जिसके बाद कार अनियंत्रित होकर सामने से आ रही बस से भिड़ गयी। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। हादसे के कारण सड़क पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। पुलिस ने घटनास्थल से दुर्घटना से संबंधित जानकारी जुटायी है और आगे की कार्रवाई में जुटी है।
रजरप्पा में आर्टिगा-बस की टक्कर,1 मरा, 3 घायल:पहले ब्रेकडाउन पिकअप से टकराई कार, फिर बस से भिड़ी; पटना के प्रसेनजीत पांडे की मौत
By InstaKhabar
On: September 27, 2026 8:26 AM






