फिल्म इंडस्ट्री में ‘धुरंधर’ नाम की चर्चा के बीच अब एक और नई फिल्म का एलान हुआ है। फिल्ममेकर आदित्य धर की फिल्म ‘धुरंधर’ के बाद अब दिग्गज निर्देशक प्रियदर्शन के एक और ‘धुरंधर’ आकाशादित्य लामा अपनी नई फिल्म लेकर आ रहे हैं। उनकी इस आगामी फिल्म का नाम ‘दुल्हनिया ले आएगी’ है। यह एक पारिवारिक मनोरंजन फिल्म होगी, जिसमें महेश मांजरेकर, पीयूष मिश्रा और खुशाली कुमार मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। इस नए प्रोजेक्ट की घोषणा के बाद प्रियदर्शन ने खुद सोशल मीडिया पर आकाशादित्य लामा और उनकी टीम को बधाई दी है। फिल्म की रिलीज डेट और फर्स्ट लुक की घोषणा आने वाले महीनों में की जा सकती है। प्रियदर्शन ने अपने ‘धुरंधर’ पर जताया भरोसा प्रियदर्शन और आकाशादित्य लामा का पुराना क्रिएटिव जुड़ाव रहा है। लामा ने प्रियदर्शन के साथ कई बड़े प्रोजेक्ट्स पर काम किया है और उनके निर्देशन की बारीकियों को सीखा है। सोशल मीडिया पर प्रियदर्शन ने लिखा, ‘आकाशादित्य लामा और दुल्हनिया ले आएगी की पूरी टीम को बधाई। आकाशादित्य ने मेरे साथ काम किया है और उन्हें इस अनोखे फैमिली एंटरटेनर को आगे बढ़ाते देखना वाकई बहुत अच्छा है। मैं पूरी टीम को सफलता की शुभकामनाएं देता हूं।’ प्रियदर्शन के इस भरोसे से फिल्म को लेकर सिनेमा प्रेमियों के बीच उत्सुकता बढ़ गई है। फिल्म में दिखेंगे अनुभवी कलाकार इस फिल्म की स्टार कास्ट काफी मजबूत है। इसमें महेश मांजरेकर और पीयूष मिश्रा जैसे मंझे हुए कलाकार शामिल हैं, जो अपनी बेहतरीन एक्टिंग और कॉमेडी के लिए जाने जाते हैं। इनके अलावा फिल्म में एक्ट्रेस खुशाली कुमार भी एक महत्वपूर्ण किरदार में दिखाई देंगी, जो फिल्म की कहानी में एक नया और युवा एंगल लेकर आएंगी। फिल्म के मेकर्स को उम्मीद है कि इन सभी कलाकारों की जुगलबंदी दर्शकों को पसंद आएगी। कैसी होगी फिल्म की कहानी मेकर्स ने अभी तक फिल्म की कहानी को लेकर ज्यादा खुलासे नहीं किए हैं। हालांकि, फिल्म के टाइटल और शुरुआती जानकारी से पता चलता है कि यह एक पारिवारिक ड्रामा होगी। इसमें रिश्तों, त्योहारों, शादी के जश्न और अचानक पैदा होने वाली मजेदार परिस्थितियों को दिखाया जाएगा। यह फिल्म हर उम्र के दर्शकों को ध्यान में रखकर बनाई जा रही है, जिसमें हल्के-फुल्के मनोरंजन के साथ-साथ इमोशनल पल भी होंगे।
आदित्य धर की ‘धुरंधर’ के बाद एक और बड़ी फिल्म:प्रियदर्शन के ‘धुरंधर’ आकाशादित्य लामा ला रहे हैं ‘दुल्हनिया ले आएगी’
By InstaKhabar
On: June 18, 2026 8:25 PM






