सिटी रिपोर्टर | बोकारो बीएसएल के तीन कर्मचारियों ने झारखंड स्टेट क्लासिक बेंच प्रेस एवं डेडलिफ्ट चैंपियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल पांच पदक हासिल कर गौरवान्वित किया। बीएसएल के एसएमएस-न्यू विभाग के सहायक महाप्रबंधक हिट्टम कुमार हांसदा, इंस्ट्रूमेंटेशन एवं ऑटोमेशन विभाग की सहायक महाप्रबंधक शिल्पा टोप्पो तथा ब्लास्ट फर्नेस विभाग के इंजीनियरिंग एसोसिएट मन्नान अली ने अपने-अपने भार वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। तीनों खिलाड़ियों ने सामूहिक रूप से दो स्वर्ण, एक रजत एवं दो कांस्य पदक जीतकर अपनी खेल प्रतिभा, अनुशासन और समर्पण का परिचय दिया। इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए भी क्वालीफाई किया। एसएमएस-न्यू विभाग में कार्यरत सहायक महाप्रबंधक हिट्टम कुमार हांसदा ने मास्टर वर्ग के 93 किलो भार वर्ग डेडलिफ्ट स्पर्धा में स्वर्ण पदक तथा बेंच प्रेस स्पर्धा में रजत पदक अपने नाम किया। सहायक महाप्रबंधक शिल्पा टोप्पो ने 69 किलो भार वर्ग की बेंच प्रेस स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। टोप्पो ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने पति सैमुअल नाथ, मुख्य कोच एवं प्रोफेशनल ट्रेनर देबी प्रसाद चटर्जी तथा न्यूट्रिशनिस्ट, रिहैबिलिटेशन एवं कंडीशनिंग कोच नितिन कुमार को दिया। वहीं, ब्लास्ट फर्नेस विभाग के मन्नान अली ने ओपन वर्ग के 83 किलो भार वर्ग बेंच प्रेस स्पर्धा में स्वर्ण पदक तथा डेडलिफ्ट स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया। मेडल के साथ विजेता प्रतिभागी।
बीएसएल के कर्मियों ने बेंच प्रेस व डेडलिफ्ट चैंपियनशिप में जीते पदक
By InstaKhabar
On: October 10, 2026 9:31 AM





